कांवड़ यात्रा के दौरान लापता हुए गढ़मुक्तेश्वर के दो चचेरे भाइयों में से राजीव का शव मिला है, जबकि सत्येंद्र बुढ़ाना के पास बेहोशी की हालत में मिले हैं।
कांवड़ यात्रा से लापता दो चचेरे भाइयों में से एक मृत मिला।
दूसरा भाई सत्येंद्र बुढ़ाना के पास बेहोशी की हालत में मिला।
राजीव का शव पोस्टमार्टम हाउस में मिला, परिवार में मातम।
संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के पावटी गांव के रहने वाले दो युवक सत्येंद्र और राजीव कुमार (दोनों चचेरे भाई) कांवड़ लाते समय संदिग्ध परिस्थितियों में सात अगस्त को लापता हो गए थे।
इनमें से राजीव का शव पोस्टमार्टम हाऊस में मिला है, जबकि सतेंद्र बेहोशी की हालत में बुढ़ाना के आसपास एक मार्ग पर मिला है। इस घटना के बाद स्वजन में हाहाकार मच गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि सत्येंद्र और राजीव चार अगस्त को हरिद्वार से कांवड़ लेने गए थे। स्वजन का कहना है कि दोनों से फोन पर समय-समय पर बातचीत होती रही। सात अगस्त को हुई थी अंतिम बात
सात अगस्त को उनकी अंतिम बार बात हुई, तब उन्होंने बताया कि वे खतौली के आसपास में हैं। इसके बाद जब परिवार ने उन्हें दोबारा फोन किया, तो किसी अन्य व्यक्ति ने फोन उठाया और खुद को शिवभक्त बताया। उसने बताया कि फोन खतौली क्षेत्र में एक होटल के पास लगे भंडारे पर पड़ा है। यह सुनकर परिवार में चिंता बढ़ गई। जब काफी समय तक सत्येंद्र और राजीव का कोई संपर्क नहीं हुआ, तो परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। उन्हें लगा कि वे शिवरात्रि तक जलाभिषेक करने के बाद घर लौट आएंगे। लेकिन शिवरात्रि बीतने के बाद भी जब दोनों नहीं आए, तो स्वजन ने पुलिस से मदद मांगी। किसी अनहोनी की आशंका से परिवार में बेचैनी बढ़ गई थी। इस बीच पुलिस ने लापता दोनों युवकों की तलाश शुरू की तो पता चला कि बुढ़ाना मार्ग पर एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था, जिसकी जिला अस्पताल में मौत हो गई है तथा शव को पोस्टमार्टम हाऊस में रखा गया है। परिवार पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा तो…
इस सूचना पर स्वजन पोस्टमार्टम हाऊस पहुंचे तो वह शव राजीव उम्र करीब 40 वर्ष का निकला। वहीं सतेंद्र बुढ़ाना के आसपास बेहोशी की हालत में पड़ा मिला, किसी राहगीर ने इस बात की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने स्वजन को सूचना देते हुए बेहोश सतेंद्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसको घर भेज दिया था, लेकिन सुबह के समय सतेंद्र को दिखाई देना बंद हाे गया तथा वह अर्द्धबेहोशी की हालत में था।
इसके बाद स्वजन ने सतेंद्र को पुन: अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल सतेंद्र बेहोशी की हालत में है तथा वह कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है।
राजीव की मौत के बाद स्वजन में हाहाकार
वहीं राजीव की मौत के बाद स्वजन में हाहाकार मच गया है। दोपहर बाद राजीव का शव गांव में पहुंचा तो वहां कोहराम मच गया। इसके बाद स्वजन उसको अंतिम संस्कार के लिए तीर्थ नगरी ब्रजघाट ले गए।
कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि राजीव का शव पोस्टमार्टम हाऊस में मिला है। उसको घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। वहीं दूसरा युवक सतेंद्र बेहोशी की हालत में है। होश में आने के बाद ही असली कारण पता चल सकेगा।
