घटनास्थल पर पहुंची पुलिस जांच करते हुए।
श्री मुक्तसर साहिब में घर के बाहर 21 वर्षीय युवक को अज्ञात हमलावरों ने चार गोलियां मारीं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपितों की तलाश कर रही है।
श्री मुक्तसर साहिब के कच्चा भागसर रोड पर बीती देर रात घर के गेट के सामने 21 वर्षीय युवक को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए हमलावरों ने पहले युवक से पूछा कि क्या वह यहीं रहता है। इसके बाद उस पर फायरिंग कर दी। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया
जानकारी के अनुसार अनिल कुमार अपने परिवार के साथ किसी पार्टी से लौट रहा था। घर के गेट के सामने पहुंचते ही दो मोटरसाइकिलों पर सवार अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे। परिवार के मुताबिक, हमलावरों ने अनिल से उसका घर पूछा और इसके तुरंत बाद करीब चार राउंड गोलियां चला दीं। गोलियां लगने से अनिल घायल होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद फरार हुए हमलावर
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल युवक को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे सरकारी अस्पताल और बाद में फरीदकोट रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार फिलहाल युवक की हालत ठीक बताई जा रही है। अनिल के माता-पिता ने बताया कि उनके बेटे की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है।
