एनएच-28 फोरलेन पर रविवार को तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। हादसे में उसके पति और तीन बच्चे घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने एम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना एम्स थाना क्षेत्र के बहरामपुर बड़ी कुरमौल के पास की है।खोराबार थाना क्षेत्र के प्यासी निवासी प्रदीप यादव आटो चलाते है। पिछले दिनों बाबा बैद्यनाथ का दर्शन करके आये थे। रविवार को बाइक से पत्नी साधना देवी और बच्चों प्रियांशु, प्रिंस व आर्यन के साथ कुशीनगर जिले के बरसैना गांव स्थित ससुराल वैधनाथ से लाये प्रसाद को पहुंचाने जा रहे थे।
महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
करजहा फोरलेन के आगे पहुंचते ही पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि साधना देवी उछलकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में जा गिरीं। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में प्रदीप यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बच्चों में एक के हाथ और दूसरे के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। तीसरे बच्चे को भी चोटें आई हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। एम्स पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज से टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
